Top News
Next Story
NewsPoint

बदलापुर में यौन उत्पीड़न के आरोपी अक्षय शिंदे के अंतिम संस्कार में हंगामा, आक्रोशित लोगों ने कब्र पाटी

Send Push

महाराष्ट्र में एनकाउंटर में मारे गए बदलापुर के एक स्कूल में बच्चियों के यौन शोषण के आरोपी अक्षय शिंदे का आज कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस की कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच उसका शव दफनाया गया। हालांकि इस दौरान भारी हंगामा हुआ। आक्रोशित महिलाओं ने शिंदे को दफनाने के लिए खोदी गई कब्र को भी पाट दिया।

आरोपी का शव दफनाए जाने के बाद स्थानीय लोगों के बीच बड़े पैमाने पर नाराजगी देखी जा रही है। इससे पहले महिलाओं ने उल्हासनगर में स्थित श्मशान घाट में शिंदे के शव को दफनाने का विरोध किया। महिलाओं का दो टूक कहना था कि चाहे कुछ भी हो जाए, इसकी कब्र यहां नहीं खुदेगी। महिलाओं ने शिंदे को दफनाने के लिए खोदी गई कब्र को भी पाट दिया। इस दौरान पुलिस ने विरोध कर रहे कई लोगों को हिरासत में ले लिया और स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए श्मशान घाट को छावनी में तब्दील कर दिया।

अक्षय के परिजनों ने शव दफनाने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट से मंजूरी मिलने के बाद उसका शव दफनाया गया। आरोपी के परिजनों ने कोर्ट में कहा कि अक्षय की इच्छा थी कि मरने के बाद उसे दफनाया जाए। पुलिस और अक्षय शिंदे के परिजन को शव को दफनाने के लिये जगह की तलाश करने में भी बाधा का सामना करना पड़ रहा था, क्योंकि स्थानीय निवासी और मनसे तथा शिवसेना जैसे संगठन विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

बता दें कि अक्षय शिंदे पर बच्चियों से यौन शोषण का आरोप था। पीड़ित बच्चियों के परिजनों ने उसके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया था। इसके बाद इस मामले को लेकर प्रदेश भर में लोगों में आक्रोश देखने को मिला। इस घटना के बाद प्रदेश भर में भारी बवाल भी देखने को मिला था। इसके बाद आरोपी को पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था। हालांकि 23 सितंबर को अक्षय शिंदे एक दूसरे मामले में पेशी के लिए ले जाते समय पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था।

Explore more on Newspoint
Loving Newspoint? Download the app now