Top News
Next Story
NewsPoint

संग्रहाध्यक्ष, खोज एवं उत्खनन अधिकारी परीक्षा-2023 की मॉडल उत्तर कुंजियां जारी

Send Push

अजमेर, 1 अक्टूबर(हि.स)। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के लिए 19 जून 2024 को आयोजित संग्रहाध्यक्ष प्रतियोगी परीक्षा-2023 तथा खोज एवं उत्खनन अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा-2023 की मॉडल उत्तरकुंजियां आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। यदि किसी अभ्यर्थी को इन मॉडल उत्तर कुंजियों पर कोई आपत्ति हो तो निर्धारित शुल्क के साथ 5 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2024 को रात्रि 12ः00 बजे तक अपनी आपत्ति ऑनलाइन दर्ज करवा सकता है।

आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि आपत्तियां आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मॉडल प्रश्न पत्रों के क्रमानुसार ही प्रविष्ट करनी होंगी। इन परीक्षाओं के मॉडल प्रश्न-पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। आपत्ति प्रामाणिक (स्टैंडर्ड, ऑथेंटिक) पुस्तकों के प्रमाण सहित ऑनलाइन ही प्रविष्ट करें । वांछित प्रमाण संलग्न नहीं होने की स्थिति में आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। उक्त परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थियों के अतिरिक्त यदि कोई अन्य व्यक्ति आपत्ति दर्ज करवाते हैं, तो उन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

आपत्तियां केवल ऑनलाइन ही स्वीकार की जाएंगी। ऑनलाइन आपत्तियों का लिंक 5 से 7 अक्टूबर 2024 को रात्रि 12ः00 बजे तक ही उपलब्ध रहेगा। निर्धारित समयावधि के बाद लिंक निष्क्रिय हो जाएगा। अन्य किसी माध्यम से भेजी गई आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। आपत्तियां केवल एक बार ही ली जाएंगी।

Explore more on Newspoint
Loving Newspoint? Download the app now