Top News
Next Story
NewsPoint

Jhunjhunu प्याज और लहसुन के बाद अब तेल और रिफाइंड तेल भी महंगा हुआ

Send Push

झुंझुनू न्यूज़ डेस्क, झुंझुनू लहसुन व प्याज के भाव पहले से आसमान छू रहे हैं अब रोजमर्रा की जरूरत खाद्य तेल के भावों में जोरदार तेजी आई है। महज एक माह पहले खुदरा बाजार में पहले जो रिफाइंड तेल 105 रुपए प्रति लीटर मिल रहा था। उसके दाम बढ़कर 125-135 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं। कमोबेश यही हाल सरसों के तेल के हैं। सरसों तेल भी काफी महंगा हो गया है। छावनी बाजार के व्यापारियों ने बताया कि केंद्र सरकार ने खाद्य तेल पर सीमा शुल्क बढ़ा दिया है, जिससे घरेलू बाजार में कीमतें बढ़ गई हैं। इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा। सोयाबीन तेल, पाम आयल व वनस्पति घी में लगभग बीस से तीस रुपए प्रति लीटर के दाम बढ़ गए हैं। प्याज के भाव खुदरा में सत्तर से अस्सी रुपए किलो तथा लहसुन 400 रुपए किलो पार पहले से बिक रहा है। वहीं तेल के साथ आटा भी महंगा हो गया है।

ब्रांडेड कपनी का पांच किलो का जो बैग 150 रुपए में मिलता था, अब वह 170-175 रुपए का हो गया है। दीपावली के त्योहारी सीजन से पहले खाद्य तेल, किराना, सब्जी सहित अन्य रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं। इससे आमजन का बजट गड़बड़ा गया है। वहीं सूखे मेवे भी बढ़ती कीमतों के चलते आमजन की पहुंच से दूर होने लगे हैं। काजू की कीमत 700 रुपए प्रति किलो से बढ़कर 1000 रुपए, बादाम की कीमत 550 रुपए से 650-700 रुपए, फूल मखाने 700 रुपए से 1200 रुपए प्रति किलो हो गए हैं।

महंगाई से बिगड़ा घर का बजट

छह माह में महंगाई तेजी से बढ़ी है। इससे किराना सामग्री वाली वस्तुओं सहित घरेलू जरूरत के सामान के भाव में बरसों बाद पहली बार 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। जिसका सीधा असर त्योहारी सीजन में प्रत्येक आय वर्ग के लोगों पर पड़ेगा। किराना व्यापारियों का कहना है कि किराना वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों से ग्राहकी पर सीधा असर पड़ रहा है। त्योहारी सीजन होने के बावजूद लोग खाद्य सामग्री कम मात्रा में ही खरीद रहे हैं। वहीं किराने से जुड़े घी, आटा, साबुत मसाले सहित अन्य सामानों में भी तेजी आई हैं। रही सही कसर पूजा-पाठ सामग्री सहित नारियल के भाव में भी तेजी आने से हो गई है।

Explore more on Newspoint
Loving Newspoint? Download the app now