Top News
Next Story
NewsPoint

हिन्दी हमें अपनी समृद्ध, सांस्कृतिक व विरासत से प्राप्त : महाप्रबंधक

Send Push

प्रयागराज, 30 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक उपेन्द्र चन्द्र जोशी ने राजभाषा पखवाड़ा के मुख्य समारोह में सम्बोधित करते हुए कहा कि हिन्दी सिर्फ एक भाषा ही नहीं, बल्कि एक संस्कृति है। हिन्दी उन राष्ट्रीय मूल्यों की प्रतीक है, जो हमें अपनी समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत से प्राप्त हुए हैं। ये हमारे संविधान की मूल भावना को प्रदर्शित करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने रेलवे के 96 अधिकारी एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किया।

महाप्रबंधक ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस वर्ष 14 सितम्बर को हिन्दी दिवस के ऐतिहासिक दिन के 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। इसलिए इस साल मनाई जा रही हिन्दी दिवस की हीरक जयंती के उपलक्ष्य में इस राजभाषा पखवाड़ा का अपना विशिष्ट महत्व है। देश की सम्पर्क भाषा और जन भाषा के रूप में हिन्दी विविधता में एकता की संकल्पना को परिलक्षित करती है। उन्होंने कहा कि उत्तर मध्य रेलवे का सम्पूर्ण कार्यक्षेत्र साहित्य और संस्कृति की समृद्ध विरासत का गढ़ रहा है। यह क्षेत्र सुविख्यात हिन्दी साहित्यकारों की जन्मस्थली अथवा कर्मस्थली रही है और इस क्षेत्र में हिन्दी समृद्ध और परिष्कृत हुई है।

महाप्रबंधक ने कहा कि प्रयागराज को तो साहित्य एवं संस्कृति की राजधानी भी कहा जाता है। सूर, तुलसी, मैथिलीशरण गुप्त, महावीर प्रसाद द्विवेदी, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, सुमित्रानंदन पंत, महादेवी वर्मा और हरिवंश राय बच्चन जैसे कवियों और साहित्यकारों के महान योगदान एवं यश के साक्षी इस साहित्यिक अंचल में कार्य करते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का नैतिक दायित्व है कि हम पूरे कर्तव्य भावना के साथ अपने सभी कार्यों में हिन्दी का अधिकाधिक प्रयोग करें। श्री जोशी ने कहा कि कुम्भ में हमें यात्रियों को हिन्दी के माध्यम से यात्री सुविधाओं की सूचना एवं सेवा उपलब्ध कराकर अपनी सांस्कृतिक विविधता में एकता की भावना प्रदर्शित करनी है।

इस अवसर पर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर सतेन्द्र कुमार ने कहा कि हमारा देश विविध भाषाओं एवं बोलियों वाला विशाल देश है। उन्होंने कहा कि कम्प्यूटरों पर हिन्दी में काम-काज बढ़ाने के लिए निरंतर हिन्दी कार्यशालाएं, हिन्दी कुंजीयन कार्यशालाएं, प्रख्यात साहित्यकारों की जयंती के अवसर पर संगोष्ठियां, साहित्यिक कार्यक्रम, महत्वपूर्ण अवसरों के उपलक्ष्य में मुख्यालय, मंडलों और कारखानों में कवि सम्मेलन तथा काव्यपाठ एवं विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उन्होंने बताया कि हिन्दी में उत्कृष्ट कार्य के लिए उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य कार्मिक अधिकारी प्रशासन मुदित चंद्रा और मुख्य यातायात योजना प्रबंधक राजेश कुमार को रेलमंत्री राजभाषा रजत पदक से सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर विभागों में हिन्दी में किए जा रहे कार्यों की आकर्षक राजभाषा प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में सिगनल एवंदूरसंचार विभाग को सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शनी की शील्ड प्रदान की गई तथा यांत्रिक विभाग को द्वितीय और सामान्य प्रशासन विभाग को तृतीय पुरस्कार की ट्राफी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिताओं के विजेता और हिन्दी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 96 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक जे.एस. लाकरा और सभी प्रमुख विभागाध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे। संचालन चन्द्र भूषण पाण्डेय, वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी ने किया तथा उप मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं उप मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्रीमती प्रियंका सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Explore more on Newspoint
Loving Newspoint? Download the app now