Top News
Next Story
NewsPoint

तीन दिवसीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता का सफल समापन, खिलाड़ियों की दिखी प्रतिभा

Send Push

पलामू, 25 सितंबर (हि.स.)।शिक्षा परियोजना पलामू के तत्वावधान में स्थानीय जिला स्कूल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय खेलो झारखंड-2024 का बुधवार को सफल समापन हुआ। छात्र-छात्राओं ने कबड्डी, खो-खो, वालीबाल, शतरंज व योग अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। जिला के सभी विजेता टीम व खिलाड़ी अब राज्य-स्तरीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेंगे। क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक दुर्गानंद झा ने विजेता व उपविजेताओं को कप व मेडल देकर पुरस्कृत किया।

उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि आपके उत्कृष्ट प्रदर्शन से राष्ट्र चमत्कृत होता है। इसलिए इस मंच के माध्यम से आप संयम व नियम के साथ आगे बढ़ें। पुरस्कार वितरण समारोह का संचालन शिक्षक परशुराम तिवारी ने किया।

अंडर-14 कबड्डी में बालक वर्ग में सदर मेदिनीनगर व बालिका वर्ग में तरहसी, खो-खो में बालक वर्ग में लेस्लीगंज व बालिका वर्ग में सदर मेदिनीनगर एवं वालीबाल बालक वर्ग में तरहसी व बालिका वर्ग में पांकी की टीम विजेता बनी। वहीं अंडर-17 कबड्डी में बालक वर्ग में सदर मेदिनीनगर व बालिका वर्ग में चैनपुर, खो-खो बालक वर्ग में हुसैनाबाद व बालिका वर्ग में सदर मेदिनीनगर तथा वालीबाल बालक वर्ग में चैनपुर व बालिका वर्ग में सदर मेदिनीनगर की टीम ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

अंडर-19 कबड्डी बालक में मोहम्मदगंज व बालिका में हुसैनाबाद, खो-खो बालक में सदर मेदिनीनगर व बालिका में सदर मेदिनीनगर, वालीबाल बालिका में लेस्लीगंज की टीम ने विजेता का परचम लहराया। वहीं शतरंज में पुष्पम कुमार, दुर्गा कुमारी, पीयूष तिवारी, प्रिया कुमारी, अभिषेक गुप्ता व गुलनाज खातून ने अपने-अपने वर्ग में शतरंज की बिसात पर जीत की कहानी लिखी।

मौके पर सदर क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी हरिप्रसाद ठाकुर, एपीओ जान मुथू एवं सी-थ्री के आकाश कुमार मौजूद थे।

रेफरी का दायित्व संजय त्रिपाठी, कमलानंद दूबे, उपेन्द्र कुमार, अभिलाष चंचल व उनकी टीम ने बखूबी संभाला। खेलो झारखंड को सफल बनाने में आलोक तिवारी,साकेत शुक्ला, अरविन्द दूबे, पवन यादव, अविनाश तिवारी, शिव प्रसाद यादव, श्रीकांत यादव, कमलेश दूबे, कौशलेश तिवारी, अनुपम तिवारी, आनंद माधव पाण्डेय, आलोक मिश्रा व शैलेन्द्र प्रसाद सिंह सहित जिला में कार्यरत अनेक शारीरिक शिक्षा शिक्षकों ने सराहनीय भूमिका निभायी। रूक-रूककर हो रही बारिश से भी खिलाड़ियों का हौसला कम नहीं हुआ।

Explore more on Newspoint
Loving Newspoint? Download the app now