Top News
Next Story
NewsPoint

गुजरात में आगामी तीन दिनों तक होगी मूसलाधार बारिश, यलो अलर्ट जारी

Send Push

अहमदाबाद, 26 सितंबर (हि.स.)। विदाई से पहले गुजरात में एक बार फिर मानसून सक्रिय हुआ है। मध्य महाराष्ट्र पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय होने से मौसम विभाग ने गुजरात में आगामी तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। गुजरात में बुधवार के बाद गुरुवार को भी बरसाती माहौल रहा। गुरुवार सुबह 6 बजे तक पिछले 24 घंटों में राज्य की 252 तहसीलों में से 181 तहसीलों में बारिश हुई है। इसमें उमरपाड़ा में सर्वाधिक 7 इंच बारिश से जन-जीवन प्रभावित हुआ है। इसके अलावा वडोदरा में भी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

मौसम विभाग के निदेशक एके दास ने बताया कि मध्य महाराष्ट्र पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हुआ है। इसके कारण गुरुवार को दक्षिण गुजरात के जिलों में बारिश हुई है। कई जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना है। सौराष्ट्र में भी बारिश होने का अनुमान है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से गुरुवार को वलसाड में रेड अलर्ट समेत सूरत, नवसारी, तापी, डांग जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा सौराष्ट्र के अमरेली में बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। तीन दिनों के बारिश की संभावना को देखते हुए दक्षिण गुजरात में 26 और 27 सितम्बर को मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया गया है। दक्षिण गुजरात के समुद्री किनारे के क्षेत्रों में 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बहने की संभावना है। 28 सितम्बर को भावनगर, पंचमहाल, दाहोद और छोटा उदेपुर में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Explore more on Newspoint
Loving Newspoint? Download the app now