Top News
Next Story
NewsPoint

सियासी दोस्ती निभाने को अखिलेश ने वेस्ट UP की चारों सीटों पर नहीं किए उपचुनाव के कैंडिडेट के नाम का ऐलान!

Send Push
शादाब रिजवी, मुजफ्फरनगर: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने यूपी की दस विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए 6 सीटों पर बुधवार को प्रत्याशियों के नाम के ऐलान कर दिया। उन्होंने वेस्ट यूपी की चारों सीटों पर अभी नाम फाइनल नहीं किए हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस से गठबंधन के चलते बात करने के बाद जल्द इन सीटों पर कैंडिडेट का फैसला करेंगे। वेस्ट यूपी के दिग्गज अपने खास को इन सीटों पर टिकट दिलाने के लिए सपा और कांग्रेस दोनों में जोर आजमाइश कर रहे हैं। दरअसल, छह में चार कैंडिडेट पहले के विधायकों के परिजनों को ही दिए हैं। जैसे अखिलेश ने अपनी छोड़ी सीट करहल से चचेरे भाई (लालू के दामाद) तेज प्रताप यादव को टिकट दिया है। कानपुर की सीसामऊ सीट से पूर्व विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी को प्रत्याशी बनाया है। इरफान को सजा होने के कारण यह सीट रिक्त हुई थी। अयोध्या की मिल्कीपुर सीट से सपा सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद को टिकट दिया है। अवधेश प्रसाद विधायक से सांसद बने हैं। अंबेडकरनगर की कटहरी सीट से लालजी वर्मा की पत्नी शोभावती वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। लाल जी वर्मा भी विधायक से सांसद बने हैं। प्रयागराज की फूलपुर सीट से मुस्तफा सिद्दकी को टिकट दिया है। मिर्जापुर से अनुप्रिया पटेल के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले रमेश चंद बिंद की बेटी ज्योति बिंद को मझवां से टिकट दिया गया है। वेस्ट यूपी की इन चार सीटों पर कैंडिडेट नहीं किए घोषित मुजफ्फरनगर जिले की मीरापुर विधानसभा सीट से राष्ट्रीय लोक दल के चंदन चौहान विधायक जीते थे। यह सीट बिजनौर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा हैं। चंदन सपा के साथ गठबंधन में रालोद से जीते थे। रालोद अब भाजपा के साथ है। चंदन के सांसद चुने जाने के कारण यह सीट खाली हुई है। इस सीट को कांग्रेस भी मांग रही हैं। गाजियाबाद सदर विधानसभा सीट से भाजपा के अतुल गर्ग 2022 में विधायक बने थे। 2024 में वह गाजियाबाद लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर सांसद बन गए। ये सीट खाली हुई है। सपा से यह सीट भी कांग्रेस मांग रही हैं। अलीगढ़ जिले की खैर विधानसभा सीट पर भाजपा विधायक अनूप सिंह सांसद बने हैं। यह हाथरस लोकसभा सीट का हिस्सा हैं। इस सीट पर सपा और कांग्रेस दोनों दावा कर रहे हैं। मुरादाबाद जिले की कुंदरकी विधानसभा सीट से जिया उर रहमान बर्क विधायक थे। वह संभल लोकसभा सीट का हिस्सा हैं। जिया यहां से सांसद चुने गए हैं। जिससे यह सीट खाली हो गई है। 10 में से पांच सीट 2022 में जीती थी सपा यूपी की 10 विधानसभा सीटों में से 5 सीटें NDA के पास, जबकि 5 सीटें समाजवादी पार्टी के पास थीं। एनडीए में भाजपा के पास तीन सीट, एक निषाद पार्टी और एक आरएलडी के पास थी। 10 विधानसभा सीटों में से 9 सीटें ऐसी हैं, जिन पर विधायकों के सांसद बनने के कारण चुनाव होगा। एक सीट कानपुर की सीसामऊ सपा विधायक इरफान सोलंकी को एक केस में सजा होने के कारण खाली हुई थी।
Explore more on Newspoint
Loving Newspoint? Download the app now